कटनी। बड़वारा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देसी कट्टा लहराकर क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से अवैध देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस की समय पर की गई कार्रवाई से एक संभावित गंभीर घटना टल गई।
थाना प्रभारी के.के. पटेल ने शनिवार शाम को पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि कार्रवाई शुक्रवार देर रात की गई
थाना प्रभारी पटेल ने बताया कि शुक्रवार रात उन्हें मुखबिर से एक गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना में बताया गया कि ग्राम देवरी हटाई के बछौली मोड़ पर एक व्यक्ति देसी कट्टा (हथियार) लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है और दहशत फैला रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए, थाना प्रभारी ने तत्काल पुलिस स्टाफ को मौके पर रवाना किया।
पुलिस टीम जैसे ही देवरी हटाई बछौली मोड़ पर पहुँची, वहाँ मुन्ना उर्फ इंद्रजीत यादव 39 वर्षीय पिता भोजू यादव, निवासी ग्राम केवलारी, थाना एनकेजे, जिला कटनी, अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा मिला। उसके हाथ में एक देसी कट्टा था, जिसे वह लहरा रहा था।
पुलिस ने घेराबंदी करते हुए आरोपी को धर दबोचा। जब उससे देसी कट्टे के संबंध में लाइसेंस या अन्य दस्तावेज माँगे गए, तो वह कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सका। कट्टे की जाँच करने पर उसकी गरारी में 02 नग जिंदा कारतूस भी लगे हुए पाए गए।
पुलिस ने मौके पर ही आरोपी मुन्ना उर्फ इंद्रजीत यादव को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से अवैध देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर बड़वारा थाना लाया गया।
थाना प्रभारी के.के. पटेल ने बताया कि यदि पुलिस द्वारा मौके पर शीघ्र और निर्णायक कार्रवाई नहीं की जाती, तो आरोपी कोई भी गंभीर घटना घटित कर क्षेत्र की शांति व्यवस्था भंग कर सकता था।
आरोपी मुन्ना उर्फ इंद्रजीत यादव के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद, आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।
देसी कट्टे के साथ दहशत फैला रहा युवक गिरफ्तार, पुलिस ने जब्त की मोटरसाइकिल
On: December 15, 2025 6:17 PM
---Advertisement---





