कटनी। कैमोर औद्योगिक नगरी कैमोर के खलवारा बाजार क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक सूने मकान के समीप स्थित पुराने कुएं में 16 वर्षीय किशोरी का शव बरामद हुआ। मृतका पिछले तीन दिनों से लापता थी। ईद के पावन पर्व पर हुई इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका मूलत मैहर की रहने वाली थी और पिछले कुछ समय से खलवारा बाजार स्थित अपने नाना-नानी के घर रह रही थी। परिजनों ने बताया कि रमजान माह के चलते घर में इबादत का दौर जारी था। दो दिन पूर्व जब परिवार के सदस्य सेहरी की तैयारी के लिए तड़के उठे, तो किशोरी अपने बिस्तर पर नहीं थी। परिजनों ने तत्काल मोहल्ले और जान-पहचान वालों के यहाँ तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।
लापता होने के बाद बदहवास परिजनों ने हर संभावित स्थान पर किशोरी को ढूंढा। जब कहीं पता नहीं चला, तो मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस और परिजन पिछले दो-तीन दिनों से लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन शनिवार दोपहर शुक्ला मोहल्ला स्थित पुराने भुवनेश्वरी स्कूल के पास एक कुएं में संदिग्ध अवस्था में शव उतराता हुआ देखा गया।
सूचना मिलते ही कैमोर थाना प्रभारी आशीष शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया, जिसकी शिनाख्त लापता किशोरी चाहत खान पिता जमील खान के रूप में हुई। पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी आशीष शर्मा ने बताया
परिजनों ने 19 मार्च को किशोरी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिस पर पुलिस लगातार पतासाजी कर रही थी। आज कुएं में शव मिलने की सूचना पर मर्ग कायम कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।
ईद की खुशियां मातम में बदलीं: कैमोर में तीन दिनों से लापता किशोरी का शव कुएं में मिला
On: March 22, 2026 3:37 PM
---Advertisement---





