कटनी: कटनी जिले के बरही थाना क्षेत्र के घंघरौटा गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक किसान की संदिग्ध छिपकली के काटने से मौत हो गई। यह घटना रविवार सुबह करीब 5 बजे हुई, जब किसान अपने धान के खेत की रखवाली के लिए मचान पर सो रहा था।
मृतक किसान की पहचान 40 वर्षीय होरीलाल सिंह गौड़ पिता बिहारी सिंह के रूप में हुई है, उनकी पत्नी नंदा बाई ने बताया कि होरीलाल रोज़ की तरह अपने खेत में धान की रखवाली के लिए गए थे और मचान पर सो रहे थे। रविवार सुबह करीब 5 बजे के आसपास उन्हें छिपकिली ने काट लिया। होरीलाल को तुरंत तेज दर्द और बेचैनी महसूस होने लगी, जिसके बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ने लगी।
तबीयत ज्यादा खराब होने पर परिजन तुरंत उन्हें बरही के सरकारी अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उपचार के दौरान ही होरीलाल ने दम तोड़ दिया और डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल, बरही पुलिस ने मामले को जांच में ले लिया है।
राममणि पटेल ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर बरही ने बताया कि आमतौर पर घरों में पाई जाने वाली सामान्य छिपकली जहरीली नहीं होती है। हालांकि, कुछ खास तरह की छिपकलियां और रेप्टाइल्स (जैसे गिल मॉन्स्टर) बेहद जहरीले हो सकते हैं। इस बात की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही हो पाएगी कि क्या किसान को सच में किसी जहरीली छिपकली ने काटा था या कोई और जीव के काटने से किसान की मौत हुई है।





