कटनी। कटनी जिले के बरही नगर मे सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां वार्ड क्रमांक 13 में एक 25 वर्षीय युवक का शव रहस्यमय परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला।
मृतक की पहचान गुरु कोल (उम्र 25 वर्ष), निवासी बरही-बरही वार्ड 13 के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी है।
गुरु कोल के अचानक मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने परिवार में माता-पिता और तीन बहनों के साथ रहता था। वह दूसरे नंबर का था, जिसमें एक बड़ी बहन और दो छोटी बहनें शामिल हैं। बेटे के शव को देखते ही माता-पिता और अन्य परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए।
घटना के संबंध में एडिशनल एसपी संतोष डेहरिया ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि मृतक गुरु के माता-पिता घटना के दिन ईंट-भट्टे पर काम के लिए गए हुए थे। घर पर गुरु अपनी छोटी बहन के साथ था।
गुरु के पास एक फोन आया, जिसके बाद वह घर से बाहर चला गया।
घटनास्थल से मिले अहम सुराग
परिजन आज (सोमवार) सुबह ईंट-भट्टा पहुंचे ही थे, तभी उन्हें गुरु का शव पेड़ पर लटका होने की जानकारी मिली।
पुलिस को घटनास्थल से कुछ अहम चीजें मिली हैं, जिनमें गुरु का मोबाइल फोन और उसकी बाइक की चाभी शामिल हैं। हालांकि, गुरु के गले में बंधा हुआ मफलर उसका अपना था या किसी और का, इस बात पर पुलिस ने अभी स्थिति स्पष्ट नहीं की है। पुलिस इस बिंदु पर भी गहनता से जांच कर रही है कि क्या यह मफलर किसी बाहरी हस्तक्षेप का संकेत है।
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।
एडिशनल एसपी संतोष डेहरिया ने बताया कि पुलिस इस मामले में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों ही एंगल से मामले की गहन जांच कर रही है।





