कटनी। कटनी के सराफा बाजार स्थित राधे ज्वेलर्स में हुई चोरी की बड़ी वारदात का कटनी पुलिस ने शनिवार की शाम सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया। पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिनय विश्वकर्मा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर घटना में शामिल तीन विधिउल्लंघनकारी बालकों की गिरफ्तारी और चोरी गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी की जानकारी दी।
एसपी विश्वकर्मा ने बताया कि यह मामला कोतवाली कटनी में दिनांक 11 अक्टूबर 2025 को तब दर्ज किया गया था, जब दुकान संचालक ने रिपोर्ट लिखाई कि वे पिछली रात 10 बजे दुकान बंद कर घर गए थे। सुबह लगभग 5 बजे उन्हें सूचना मिली कि दुकान का ताला टूटा हुआ है। मौके पर पहुंचने पर दुकान का सामान बिखरा हुआ था और चोरों ने तिजोरी तोड़ने का भी असफल प्रयास किया था। तिजोरी न टूट पाने के कारण चोरों ने चांदी के जेवर — अंगूठी, पायल, राजस्थानी मंगलसूत्र, चरण पादुका, संतान सप्तमी की चूड़ियां आदि, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ₹95,000 थी, चोरी कर लिए थे। इस रिपोर्ट पर थाना कोतवाली कटनी में अपराध क्रमांक 872/2025, धारा 341(4), 305(ए) बी.एन.एस. के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
संवेदनशील और व्यस्त क्षेत्र में हुई इस चोरी की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी कोतवाली, निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का तत्काल गठन किया गया।
टीम ने वारदात स्थल के आसपास लगे सभी सीसीटीवी फुटेज का गहन और सूक्ष्म विश्लेषण किया। साथ ही, सायबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए गए। गहन जांच-पड़ताल के बाद पुलिस को इस घटना में तीन संदिग्धों के शामिल होने की जानकारी मिली, जो वारदात को अंजाम देने के बाद जबलपुर भाग गए थे।
जबलपुर से हुई गिरफ्तारी:
मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की और तीनों आरोपियों को जबलपुर से पकड़ने में सफलता हासिल की। पूछताछ के दौरान तीनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। एसपी विश्वकर्मा ने बताया कि पकड़े गए तीनों आरोपी विधिउल्लंघनकारी बालक हैं, जिनमें दो सगे भाई भी शामिल हैं। उन्होंने अपने एक साथी के साथ मिलकर दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने और फिर चोरी गए जेवरों को आपस में बराबर बांट लेने की बात कबूल की।
पुलिस ने पकड़े गए तीनों विधिउल्लंघनकारी बालकों के कब्जे से चोरी गया चांदी का समस्त सामान बरामद कर लिया है। बरामद मशरूके में पायल, राजस्थानी मंगलसूत्र, चरण पादुका, बेल पत्री, अंगूठियां आदि शामिल हैं, जिनकी कुल कीमती ₹1,00,000 (लगभग) आंकी गई है।
एसपी विश्वकर्मा का बड़ा खुलासा: राधे ज्वेलर्स में सेंधमारी करने वाले जबलपुर के 3 नाबालिक चोर दबोचे गए।
On: October 18, 2025 6:36 PM
---Advertisement---





