कटनी। बड़वारा पुलिस ने ई-रिक्शा ऑटो वाहन और उसकी बैटरियां चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किया गया ई-रिक्शा और चार बैटरियां बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग ₹2,60,000/- है।
शनिवार देर शाम, बड़वारा थाना प्रभारी उनि के.के. पटेल ने चोरी के पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस को शुक्रवार को चोरी की दो अलग-अलग रिपोर्ट प्राप्त हुई थीं
जिसमे रामजी यादव निवासी बछौली ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उन्होंने अपना ई-रिक्शा (नंबर MP-21-ZB-3026, नीले रंग का, अतुल कंपनी का) अपने दोस्त धनुषधारी साहू को चलाने के लिए दिया था। धनुषधारी साहू ने रिक्शा को अपने घर के सामने रोड किनारे खड़ा किया था। रात करीब 04:00 बजे उठकर देखा तो रिक्शा वहां नहीं मिली। अज्ञात चोर ₹1,80,000/- कीमती इस ई-रिक्शा को चोरी कर ले गए थे। इस संबंध में थाना बड़वारा में मामला दर्ज किया गया।
इस तरह शुक्रवार को ही अभिषेक गोस्वामी निवासी ग्राम बिजौरी ने शिकायत की कि 16.10.2025 की रात उनके मामा की नई, बिना नंबर की ऑटो ई-रिक्शा घर के बगल में मंदिर के सामने खड़ी थी। जब वे प्रयागराज में थे, तो 17.10.2025 को शाम 04:00 बजे उनके छोटे भाई ने बताया कि कोई अज्ञात चोर खड़ी ऑटो से चार बैटरियां चोरी कर ले गया है, जिनकी कीमत करीब ₹80,000/- थी। इस मामले में भी अपराध पंजीबद्ध किया गया
पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के निर्देश पर थाना प्रभारी बड़वारा उनि के.के. पटेल ने इन चोरियों को गंभीरता से लेते हुए एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए, चोरी गए वाहनों और बैटरियों की तकनीकी साक्ष्य के आधार पर जांच शुरू की।
सघन जांच के परिणामस्वरूप, पुलिस ने चोरी गई चार बैटरियां (कीमत ₹80,000/-) और ऑटो ई-रिक्शा (कीमत ₹1,80,000/-) को सफलतापूर्वक बरामद किया। इसके अलावा, चोरी की वारदातों में उपयोग किए गए ऑटो ई-रिक्शा को भी जब्त किया गया।
आरोपी मासूम बर्मन पिता कमलेश बर्मन, उम्र 19 साल, निवासी बरगवां चांदी की दफाई, थाना रंगनाथ नगर।
मोहित बंशकार पिता सुरेश बंशकार, उम्र 21 वर्ष, निवासी बंगला लाईना, थाना माधवनगर, जिला कटनी।
प्रदीप सिंह पिता मदन सिंह, उम्र 18 वर्ष, निवासी मंगल नगर छपरवाह, थाना रंगनाथ नगर, जिला कटनी। को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।





