कटनी/बड़वारा। बड़वारा पुलिस ने अंतरजिला स्तर पर सक्रिय एक बड़े डीजल चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह गिरोह रात के अंधेरे में सड़क किनारे खड़े ट्रकों और अन्य वाहनों के डीजल टैंक का लॉक तोड़कर डीजल चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का डीजल और वारदात में इस्तेमाल किया गया चार पहिया वाहन भी जब्त किया है।
थाना प्रभारी बड़वारा के.के. पटेल ने गुरुवार की शाम पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि दिनांक 04.11.2025 को फरियादी अजीत यादव (पिता छोटेलाल यादव, उम्र 26 साल, निवासी नन्हवारा सेझा) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
अजीत यादव (जो पेशे से ड्राइवर हैं) दिनांक 03/11/25 को ट्रक क्र. एमपी 21एच1111 में पत्थर भरकर गोटउदे माइंस से ग्राम नन्हवारा सेझा स्थित माँ शारदा फैक्ट्री में खाली करने आए थे। रात करीब 1:40 बजे पहुंचने पर फैक्ट्री का गेट बंद होने के कारण उन्होंने ट्रक को गेट के सामने खड़ा कर दिया और करीब 2:00 बजे अंदर सो गए। सुबह 06:30 बजे जब वह उठे, तो देखा कि उनके ट्रक के डीजल टैंक की जाली टूटी हुई थी और टैंक से 125 लीटर डीजल (कीमत करीब ₹11,500/-) चोरी हो गया था।
फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने तत्काल धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के.के. पटेल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने पूर्व में डीजल चोरी में लिप्त संदिग्धों पर ध्यान केंद्रित किया और मुखबिरों तथा तकनीकी साक्ष्य के आधार पर पतासाजी की।
सघन जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने तीन संदेहियों को हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ की
शुभम लोनी (पिता राजेश लोनी, उम्र 23 साल, निवासी लोढ़ा थाना कोतवाली उमरिया)
आशीष चौधरी (पिता रामजीलाल चौधरी, उम्र 21 साल, निवासी ग्राम स्लीमनाबाद थाना स्लीमनाबाद जिला कटनी)
लाल सिंह (पिता वीरभान सिंह, उम्र 56 साल, निवासी ग्राम अखड़ार थाना चंदिया जिला उमरिया
पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वे रोड किनारे सुनसान स्थानों पर रात्रि में खड़े वाहनों को निशाना बनाते थे। वे सुनियोजित तरीके से डीजल टैंक का लॉक तोड़कर चोरी को अंजाम देते थे।
चोरी के बाद डीजल को चार पहिया वाहन में भरकर ले जाया जाता था।
चोरी किए गए डीजल को आरोपी लाल सिंह (निवासी अखड़ार) के घर पर ले जाकर कम दामों में बेच दिया जाता था।
पुलिस ने बताया कि इस गिरोह की सक्रियता कटनी और उमरिया सहित अन्य अंतर्जिला क्षेत्रों में भी थी, जिससे इन जिलों में डीजल चोरी की कई वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद है
बड़वारा पुलिस ने उक्त आरोपीगणों के पास से चोरी किया गया डीजल और घटना में उपयोग किया गया चार पहिया वाहन जब्त कर लिया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं के तहत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।





