कटनी। शहर में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। रंगनाथ थाना अंतर्गत बरगवा क्षेत्र अभी बिहार के युवक की हत्या के शोक से उबरा भी नहीं था कि बीती रात फिर हुई चाकूबाजी की वारदात ने शहर को दहला दिया। बेखौफ बदमाशों ने मामूली विवाद पर दो सगे भाइयो समेत चार युवकों पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के बाद से आम नागरिकों में असुरक्षा और दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरगवा निवासी सोनू और मोनू अपने घर के समीप एक अंडे के ठेले पर खड़े थे। तभी वहां शराब के नशे में धुत 10 से 12 युवकों का झुंड पहुंचा और अकारण गाली-गलौच करने लगा। जब सोनू और मोनू ने इस अभद्रता का विरोध किया, तो हमलावरों ने उन पर चाकुओं से हमला बोल दिया। बीच-बचाव करने आए दो अन्य युवक भी इस हमले की चपेट में आकर घायल हो गए।
अस्पताल में अफरा-तफरी, पुलिस की दबिश
वारदात की सूचना मिलते ही रंगनाथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित भीड़ को शांत कराते हुए घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार घायलों का उपचार जारी है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति भारी रोष है। नागरिकों का कहना है कि कल इसी क्षेत्र में एक नाबालिग द्वारा हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था, और आज फिर उसी के समीप यह बड़ी घटना हो गई। लगातार हो रही चाकूबाजी की घटनाओं ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या कटनी में अब आम आदमी सुरक्षित नहीं है पुलिस का खौफ अपराधियों में न के बराबर नजर आ रहा है।





