कटनी। शहर के माधवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बंगला लाइन में घर पर बम फेंककर सनसनी फैलाने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। क्षेत्र में व्याप्त भय को दूर करने और अपराधियों में कानून का खौफ पैदा करने के उद्देश्य से पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों का उसी इलाके में पैदल जुलूस निकाला, जहाँ उन्होंने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था।
घटना बीते गुरुवार, 5 मार्च 2026 की है। प्रार्थी रोहनी वंशकार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दोपहर करीब 2:30 बजे जब वे अपने परिवार के साथ घर के आंगन में बैठे थे, तभी क्षेत्र के ही कुछ असामाजिक तत्वों ने जान से मारने की नीयत से उन पर ज्वलनशील विस्फोटक पदार्थ (बम) फेंके। इस हमले में परिवार के लगभग 8 लोग झुलस गए, जिन्हें गंभीर अवस्था में तत्काल जिला अस्पताल कटनी रेफर किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से विस्फोटक के अवशेष जब्त किए और मुखबिरों का जाल बिछाया। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर अट्ठा उर्फ अमन विरहा (27 वर्ष) आर्यन उर्फ अनु धारक (20 वर्ष) ऋतिक उर्फ ‘उल्लू’ चाहोतेल (20 वर्ष) मिंटू उर्फ विकास (30 वर्ष) एक विधि विरुद्ध बालक (नाबालिग) को हिरासत में लिया सभी आरोपी बंगला लाइन, माधवनगर के ही निवासी हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) और विस्फोटक अधिनियम 1908 की धारा 3(क) के तहत मामला पंजीबद्ध किया है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों को घटना स्थल और बंगला लाइन के प्रमुख मार्गों पर पैदल घुमाया। इस दौरान स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस का उद्देश्य यह संदेश देना था कि कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
थाना प्रभारी संजय दुबे ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों को जिला न्यायालय में पेश कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस उन अन्य लोगों की तलाश कर रही है जिन्होंने इन आरोपियों को ज्वलनशील पदार्थ और विस्फोटक सामग्री उपलब्ध कराई थी। जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों को भी बेनकाब किया जाएगा।
दहशत फैलाने वालों का पुलिस ने निकाला जुलूस: बंगला लाइन बम कांड के आरोपी गिरफ्तार।
On: March 7, 2026 3:27 PM
---Advertisement---





