कटनी। कटनी जिले के बिलहरी चौकी अंतर्गत ग्राम घुघरा के पास होली के त्योहार के बीच एक भीषण सड़क हादसा होते-होते रह गया। बुधवार दोपहर घरेलू गैस सिलेंडरों से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के वक्त ट्रक में बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर लदे थे, लेकिन गनीमत रही कि पलटने के बाद किसी भी सिलेंडर में रिसाव या आग नहीं लगी, अन्यथा पूरे क्षेत्र में भारी तबाही मच सकती थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा दोपहर घुघरा रोड पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक की गति काफी तेज थी और वह अचानक डगमगाते हुए सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। ट्रक पलटते ही सड़क पर गैस सिलेंडरों का ढेर लग गया, जिससे राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों को डर था कि कहीं सिलेंडरों में विस्फोट न हो जाए।
हादसे में ट्रक चालक को गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही बिलहरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। चौकी प्रभारी सुयश पांडे ने बताया कि प्राथमिक जांच में हादसे का कारण चालक की लापरवाही नजर आ रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या होली के नशे में धुत होने के कारण चालक ने नियंत्रण खोया। इसकी आधिकारिक पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर सबसे पहले सुरक्षा घेरा बनाया और सड़क पर बिखरे हुए सिलेंडरों को सावधानीपूर्वक किनारे कराया। गैस एजेंसी को सूचित कर दूसरे वाहन के जरिए सिलेंडरों को सुरक्षित स्थान पर भिजवाया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद घुघरा रोड पर यातायात को पुनः सुचारू रूप से शुरू कराया जा सका।
होली पर बड़ा हादसा टला: गैस सिलेंडरों से लदा ट्रक पलटा, चालक घायल
On: March 4, 2026 6:52 PM
---Advertisement---





