कटनी। आगामी होली और रमजान के त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कटनी पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गई है। सोमवार की देर शाम पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल ने शहर के मुख्य मार्गों सहित संकरी गलियों में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
शहर के प्रमुख चौराहों और मोहल्लों में दी दस्तक
पैदल मार्च की शुरुआत कोतवाली थाना परिसर से हुई, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार डेहरिया और नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के साथ भारी पुलिस बल शहर की सड़कों पर उतरा। मार्च के दौरान पुलिस ने मिशन चौक, सुभाष चौक, गर्ग चौराहा, और भट्टा मोहल्ला जैसे संवेदनशील और व्यस्त इलाकों का भ्रमण किया।
रेलवे स्टेशन और मुड़वारा सहित शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था देखी।
गलियों के अंदर जाकर स्थानीय निवासियों से संवाद किया ताकि असामाजिक तत्वों में भय और नागरिकों में विश्वास बना रहे।
अवैध शराब और संदिग्धों पर पैनी नजर
त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था भंग न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने ड्राय डे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान छेड़ा है। जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में होटल, लॉज और ढाबों की बारीकी से तलाशी लें। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब की बिक्री और परिवहन करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली परिसर में आयोजित बैठक के दौरान एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान हुड़दंग करने वालों, सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाने वालों और शांति व्यवस्था में खलल डालने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार विश्वकर्मा ने कटनी के नागरिकों से अपील की है कि वे होली और रमजान के पवित्र त्योहार को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं। पुलिस प्रशासन जनता की सुरक्षा के लिए 24 घंटे तत्पर है, लेकिन किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल नजदीकी थाने में दें।
होली और रमजान पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम: कटनी एसपी ने भारी पुलिस बल के साथ गलियों में किया फ्लैग मार्च
On: March 2, 2026 10:35 PM
---Advertisement---





