कटनी मध्यप्रदेश राजनीति अपराध राष्ट्रीय बुरहानपुर जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश विदेश राशिफल लाइफ - साइंस आध्यात्मिक अन्य

---Advertisement---

कटनी में स्कूल दीवार गिरी, 5वीं के छात्र की मौतः परिजन बोले- एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंची, 500 रुपए में ऑटो से ले गए अस्पताल

On: February 18, 2026 6:21 PM
Follow Us:
---Advertisement---

कटनी जिले के विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कैमोर थाना अंतर्गत बमहनगवां शासकीय स्कूल में बुधवार को हादसा हो गया। स्कूल परिसर की जर्जर दीवार ढहने से कक्षा 5वीं के 11 वर्षीय छात्र राजकुमार बर्मन की मलबे में दबकर मौत हो गई।

मृतक के चाचा सत्यम ने बताया कि उनका भतीजा राजकुमार बर्मन रोज की तरह आज भी स्कूल गया था। इसी दौरान वह विद्यालय परिसर में बने शौचालय का उपयोग करने गया, तभी जर्जर हो चुकी बाथरूम की दीवार उसके ऊपर गिर गई।

बहन ने बचाने की कोशिश की

दीवार गिरने की आवाज सुनकर उसकी नौ वर्षीय बहन मौके पर पहुंची और मलबे में दबे अपने भाई को निकालने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सकी। इसके बाद उसने घटना की जानकारी शिक्षकों और अपने परिजन को दी। सूचना मिलते ही शिक्षक और परिजन मौके पर पहुंचे और मलबे को हटाकर छात्र को बाहर निकाला।

एम्बुलेंस नहीं पहुंची, रिक्शा से ले गए अस्पताल

घटना की जानकारी एम्बुलेंस को दी थी, लेकिन वह समय पर नहीं पहुंची। इसके बाद 500 रुपए में ऑटो रिक्शा बुक करके वे उसे विजयराघवगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने राजकुमार को मृत घोषित कर दिया।

शिकायत पर भी नहीं कराया गया सुधार कार्य

मृतक के परिजन मोहित बर्मन और सत्यम बर्मन सहित अन्य लोगों का आरोप है कि विद्यालय के खंडहर हो चुके शौचालय और भवनों के सुधार कार्य के लिए कई बार शिक्षकों को मौखिक रूप से अवगत कराया गया था, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। इसी लापरवाही का खामियाजा आज छात्र राजकुमार को अपनी जान देकर भुगतना पड़ा।

डीईओ बोले- जांच कराएंगे

जिला शिक्षा अधिकारी राजेश अग्रहरि ने बताया कि घटना के बाद हमने एक टीम गठित कर दी है और हादसे के हर पहलू की जांच कराई जा रही है।

ग्रामीणों ने शिकायत किसे दी थी और इस मामले में लापरवाही क्यों बरती गई? इसकी भी जांच हो रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एएसपी बोले- तथ्यों के अनुसार करेंगे कार्रवाई

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉक्टर संतोष कुमार डेहरिया ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंचे शव पोस्टमार्टम कराया है। मर्ग कायम कर जांच की जाएगी, जो भी तथ्य सामने आएंगे उसपर कार्रवाई की जाएगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment