कटनी। इंदौर में हुई भीषण जल त्रासदी का असर अब पूरे प्रदेश में देखने को मिल रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान पर रविवार को कटनी में भी जमकर सियासी बवाल हुआ। मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल के निवास का घेराव करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और वहां पहले से मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और नारेबाजी हुई। करीब दो घंटे तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही, जिसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को पीछे खदेड़ा
घंटा बनाम ‘भजन अनोखा विरोध और जवाबी घेराबंदी।
दोपहर को शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला और महिला जिला अध्यक्ष एवं युवा कांग्रेस महासचिव दिव्यांशु अंशु मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसी, विधायक संदीप जायसवाल के निवास पहुंचे। कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में घंटा लेकर पहुंचे थे और उसे बजाकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज करा रहे थे।
तनाव तब बढ़ गया जब कांग्रेसियों के पहुंचने के साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने निवास पर बड़े-बड़े साउंड सिस्टम लगा दिए और तेज आवाज में आरती व धार्मिक भजन बजाना शुरू कर दिया। एक तरफ से कांग्रेस की नारेबाजी और घंटे की आवाज थी, तो दूसरी तरफ से भाजपा के जवाबी भजन। इस बीच दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।
कांग्रेस का आरोप आवाज दबाने के लिए किया गया भगवान का उपयोग
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अमित शुक्ला ने कहा, हम शांतिपूर्ण तरीके से इंदौर त्रासदी पर विधायक से चर्चा करने गए थे, लेकिन उन्होंने बात करने के बजाय साउंड बजाकर हमारी आवाज दबाने का प्रयास किया। पुलिस ने भी हमारे साथ धक्का-मुक्की की। वहीं, युवा कांग्रेस महासचिव दिव्यांशु मिश्रा ने कहा कि भाजपा केवल राम नाम का सहारा लेकर भ्रष्टाचार को छिपाना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया, इंदौर में मौतों का सिलसिला जारी है और हम यहां साफ पानी की मांग कर रहे थे, लेकिन विधायक ने श्री राम के भजनों का सहारा लेकर हमारी मांगों को दबा दिया। कटनी में भी सीवर लाइन कार्यों में विधायक और महापौर की मिलीभगत से बड़े पैमाने पर कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार हो रहा है। कांग्रेस ने इस दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के इस्तीफे की मांग भी की।
विधायक ने कहा घंटा मंदिर की वस्तु, हमने उसे सही जगह दी

मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा विधायक संदीप जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस ने उनके निवास पर आने की कोई पूर्व सूचना नहीं दी थी। उन्होंने तर्क दिया, जब हमें पता चला कि वे घंटा लेकर आ रहे हैं, तो हमने श्री राम जी की तस्वीर रखकर भजन-कीर्तन शुरू कर दिया। घंटा मंदिर और भक्ति की वस्तु है, उसे सड़क पर बजाने के बजाय भगवान के चरणों में बजाना ही श्रेष्ठ है, इसलिए हमने उन्हें सही मंच उपलब्ध कराया। उन्होंने कटनी की जल व्यवस्था पर कहा कि प्रशासन अलर्ट पर है और किसी भी समस्या का त्वरित समाधान किया जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कटनी कोतवाली सहित अन्य थानों का भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। तहसीलदार के अनुसार, कांग्रेस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन की सूचना दी थी। हालांकि, स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने कार्यकर्ताओं को विधायक निवास से दूर किया। फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है और पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है।





