कटनी न्यूज़। कटनी जिले के अमर शहीद प्रदीप पटेल की शहादत के बाद जनप्रतिनिधियों द्वारा की गई घोषणाओं पर अमल न होने से नाराज अन्य पिछड़ा वर्ग OBC महासभा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। महासभा की प्रमुख मांग है कि अमर शहीद प्रदीप पटेल की प्रतिमा स्थापित की जाए और उनके नाम पर विद्यालय का संचालन किया जाए।
शहादत के बाद पूरी नहीं हुईं जनप्रतिनिधियों की घोषणाएं
OBC महासभा के जिलाध्यक्ष बी.के. पटेल ने बताया कि कटनी जिले की विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के हरदुआ ग्राम निवासी अमर शहीद प्रदीप पटेल 5 सितंबर 2024 को सिक्किम में हुए एक बस हादसे में शहीद हो गए थे।
अंतिम संस्कार के दौरान की गई थीं दो बड़ी घोषणाएं
शहीद प्रदीप पटेल के अंतिम संस्कार कार्यक्रम के दौरान खजुराहो सांसद एवं तत्कालीन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और क्षेत्रीय विधायक संजय सत्येंद्र पाठक द्वारा दो अहम घोषणाएं की गई थीं।
पहली, ग्राम के प्राइमरी विद्यालय परिसर में अमर शहीद प्रदीप पटेल की प्रतिमा स्थापना और दूसरी, देवरा कला स्थित हाई सेकेंडरी स्कूल का नाम बदलकर अमर शहीद प्रदीप पटेल के नाम पर रखने की घोषणा की गई थी।
शहीद परिवार और क्षेत्र की भावनाओं से खिलवाड़ का आरोप
धरना प्रदर्शन कर रहे OBC महासभा के पदाधिकारियों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि शहादत को लंबा समय बीत चुका है, लेकिन आज तक न तो शहीद की प्रतिमा स्थापित की गई और न ही विद्यालय का नामकरण किया गया। यह क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों द्वारा शहीद परिवार और आमजन के साथ की गई खुली वादाखिलाफी है।
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा धरना
जिलाध्यक्ष बी.के. पटेल ने स्पष्ट किया कि जब तक अमर शहीद प्रदीप पटेल की प्रतिमा स्थापित नहीं की जाती और उनके नाम से विद्यालय संचालित नहीं किया जाता, तब तक यह अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।
धरना प्रदर्शन में OBC महासभा के अनेक पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने “अमर शहीद प्रदीप पटेल अमर रहें” के नारे लगाए और जनप्रतिनिधियों की वादाखिलाफी पर कड़ी नाराजगी जाहिर की।





