कटनी। कटनी जिले में बुधवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत विलायत कला-स्लीमनाबाद मार्ग पर रेत से भरा एक अनियंत्रित ट्रक पलट गया। इस दुर्घटना में सड़क किनारे खड़ी तीन मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, हालांकि, किसी भी व्यक्ति के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है। सूचना मिलते ही बड़वारा पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना आज बुधवार की सुबह करीब 10 बजे पंसोखर ग्राम के पास हुई। ट्रक क्रमांक MP20 ZZ 5363 भारी मात्रा में रेत भरकर चंदिया से सिहोरा की ओर जा रहा था। पंसोखर ग्राम के समीप सामने से आ रहे एक अन्य वाहन को साइड देने के प्रयास में ट्रक चालक नियंत्रण खो बैठा। इसी दौरान रेत से लदा यह भारी वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
ट्रक के पलटने से सड़क किनारे खड़ी तीन मोटरसाइकिलें मलबे के नीचे आ गईं और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। इन मोटरसाइकिलों के मालिक और घटना के समय वहां मौजूद लोगों की सुरक्षा को लेकर तत्काल चिंता बनी, लेकिन राहत की बात यह रही कि दुर्घटना के समय तीनों मोटरसाइकिलों के पास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, शुरू हुआ राहत कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही बड़वारा थाना प्रभारी के.के. पटेल तत्काल अपने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सबसे पहले घटनास्थल पर यातायात को नियंत्रित किया और पलटे हुए ट्रक के पास राहत कार्य शुरू किया।
थाना प्रभारी के.के. पटेल ने इस संबंध मे बताया, हमें ट्रक पलटने की सूचना मिली थी। जानकारी के तुरंत बाद पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और हमने राहत कार्य शुरू कर दिया है। प्राथमिक जांच में यह सुनिश्चित किया गया है कि घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है दुर्घटना में तीन मोटरसाइकिलों के क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है शिकायत प्राप्त होते ही नियमानुसार आगे की कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
कटनी में रेत से भरा अनियंत्रित ट्रक पलटा, तीन मोटरसाइकिलें चकनाचूर; कोई जनहानि नहीं
On: December 10, 2025 5:21 PM
---Advertisement---





