कटनी। कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी द्वारा बच्ची को जन्म देने के सनसनीखेज मामले में बड़वारा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रेत कंपनी के एक कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को हिरासत में लिया, जिससे इलाके में फैले आक्रोश के बीच कानूनी कार्रवाई शुरू हो गई है।
बीते 24 नवंबर को बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक नाबालिग युवती ने बच्ची को जन्म दिया। स्वास्थ्य विभाग को प्रसव कराने वाली महिला के नाबालिग होने की जानकारी मिलते ही, उन्होंने तत्काल इसकी सूचना बड़वारा पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही बड़वारा पुलिस ने संज्ञान लेते हुए मामला पंजीबद्ध किया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
सोमवार को बड़वारा पुलिस ने रेत कंपनी में काम करने वाले कुलदीप सिंह नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार डेहरिया ने बताया, नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना मामले पर रेत कंपनी के कुलदीप सिंह मुरैना जिला निवासी नामक युवक को हिरासत में लिया गया है, और उससे पूछताछ की जा रही है आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपी से घटना के हर पहलू पर पूछताछ कर रही है।
नवजात की स्थिति और आगे की देखभाल
घटना की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस ने मामले को बाल कल्याण समिति (CWC) के संज्ञान में लाया। इस बीच, बच्ची के जन्म के बाद नाबालिग मां ने उसे अपने पास रखने और पालने से साफ इनकार कर दिया। स्वास्थ्य विभाग ने नियमों का पालन करते हुए, नवजात बच्ची की सुरक्षा और उचित देखभाल सुनिश्चित करने के लिए उसे एक गैर-सरकारी संगठन (NGO) द्वारा संचालित ‘किलकारी शिशु गृह’ को सौंप दिया। वर्तमान में यह संस्था बच्ची की देखरेख कर रही है।
रेत कारोबारियों से जुड़े व्यक्ति द्वारा ऐसी घिनौनी घटना को अंजाम दिए जाने की खबर फैलते ही बड़वारा और आसपास के क्षेत्र में गहरा आक्रोश फैल गया है।
स्थानीय ग्रामीण राघवेंद्र सिंह ने कहा, घटना बेहद ही दुखद और चिंताजनक है। रेत कंपनी के ठेकेदार पहले से ही बंदूक की नोक पर रेत का अवैध उत्खनन करते हैं, जिससे क्षेत्र में पहले से ही भय का माहौल व्याप्त है। गंभीर आरोप लगाते हुए आगे कहा, ये लोग अपने रसूख और दबंगई के बलबूते क्षेत्र की बेटियों के साथ दरिंदगी कर रहे हैं, जिसे हरगिज बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।





