कटनी: कटनी-एनकेजे थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सी-केबिन के समीप गुरुवार को एक घटना सामने आई, जहां बिलासपुर की तरफ से कटनी की ओर आ रही एक मालगाड़ी की चपेट में आने से रेलवे के एक कार्यरत कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद अन्य कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान रविंद्र बहादुर दुबे उम्र लगभग 41 वर्ष पुत्र बिंदेश्वरी प्रसाद दुबे के रूप में हुई है, मृतक एनकेजे निवासी थे और पिछले 12 वर्षों से ट्रैक मेंटेनर के पद पर कार्यरत थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविंद्र बहादुर दुबे रोज की तरह गुरुवार को भी सी-केबिन के समीप लाइन पर मेंटेनेंस (NI वर्क) का काम कर रहे थे। परिजनों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वह उस वक्त रेल लाइन के नट-बोल्ट दुरुस्त करने के काम में लगे थे। इसी दौरान, जब वे लाइन क्रॉस कर रहे थे, तभी तेज गति से आ रही मालगाड़ी की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना तत्काल जीआरपी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची।
इस संबंध में जीआरपी कटनी के एएसआई डीपी मिश्रा ने बताया कि कंट्रोल रूम से रेलवे कर्मचारी के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना मिली थी। जानकारी के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मृतक के शव को कब्जे में लिया।
एएसआई मिश्रा ने बताया, मौके पर पंचनामा तैयार किया गया है। प्रथम दृष्टया जांच में यह बात सामने आई है कि यह हादसा ट्रैक क्रॉस करते समय हुआ है। हमने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
कटनी: मालगाड़ी की चपेट में आने से रेलवे कर्मचारी की दर्दनाक मौत, मचा हड़कंप
On: November 27, 2025 4:40 PM
---Advertisement---





