कटनी। कटनी पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय में मंगलवार को आयोजित हुई जनसुनवाई में कुल 50 आवेदन सामने आए। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार डेहरिया ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनसुनवाई में मुख्य रूप से आपसी विवाद, मारपीट और जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़े मामले प्रमुखता से आए।
जनसुनवाई के बाद एसपी खुद पहुँचे अपाहिज फरियादी के पास।
जनसुनवाई समाप्त होने के बाद जब पैर से अपाहिज फरियादी शिवकुमार यादव (पिता बालू राम यादव, निवासी कछारगाँव, बड़ा पुलिस चौकी सिलौंडी, तहसील ढीमरखेड़ा अपनी शिकायत लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँचे। फरियादी की स्थिति को देखते हुए एसपी अभिनय विश्वकर्मा स्वयं उनके पास पहुँचे और उनकी समस्या सुनी।
यादव ने बताया कि 30 जून 2025 को आरोपी पन्ना कुमार और चंदन कुमार ने खेत जाते समय मामूली बात को लेकर उनके साथ गाली-गलौज की और लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की। इस हमले में उनके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार कराना पड़ा, बावजूद इसके उनका बाया पैर बुरी तरह टूट चुका है और उसमें मवाद (पस) बनना शुरू हो गई है।
पैर से अपाहिज फरियादी की गंभीर शिकायत सुनते ही पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी अभिषेक चौबे को फोन कॉल के माध्यम से निर्देश दिए। एसपी ने थाना प्रभारी को मामले में तत्काल धारा बढ़ाने और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने के लिए निर्देशित किया।
फरियादी शिवकुमार यादव ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही करने और साथ ही उनके उपचार के लिए आर्थिक मदद पहुँचाने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक ने फरियादी को न्याय दिलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।





