कटनी। विजयराघवगढ़ से कटनी मार्ग पर शासकीय चिकित्सालय के सामने रविवार की देर शाम करीब 9 बजे एक भीषण सड़क हादसे में एक दोपहिया वाहन चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चार पहिया वाहन क्रमांक: MP 21 CB 2461 को चालक विजय सिंह कटनी होते हुए कैमोर की ओर जा रहा था। शाम के समय, जब दोपहिया वाहन विजयराघवगढ़ से देवसरी इंदौर की ओर जा रहा था, तभी दोनों वाहनों में आमने-सामने की ज़ोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि दोपहिया वाहन चालक देवसरी इंदौर निवासी कामता पटेल (35 वर्ष) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, सिंघवारा निवासी उसका साथी अभिषेक पटेल (22 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना की खबर मिलते ही मृतक और घायल के परिजन तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। आनन-फानन में घायलों को शासकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने कामता पटेल को मृत घोषित कर दिया और अभिषेक पटेल को इलाज के लिए भर्ती कर लिया गया।
अगले दिन सुबह से ही मृतक कामता पटेल के परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों ने उचित सहायता की मांग करते हुए, शव को अस्पताल के सामने रखकर चक्का जाम कर दिया। इस विरोध प्रदर्शन के कारण मार्ग पर यातायात बाधित हो गया।
चक्का जाम की जनकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया। एसडीओपी वीरेंद्र कुमार ध्रवे और कैमोर, बरही, विजयराघवगढ़ के टीआई सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुचे और लगभग 11 बजे तक परिजन सड़क पर डटे रहे और मृतक के लिए सहायता राशि की मांग करते रहे।
एसडीओपी वीरेंद्र धार्वे ने प्रदर्शनकारी परिजनों को समझाया कि किसी भी प्रकार की कार्यवाही और सहायता केवल एफआईआर दर्ज होने और प्रशासन के नियमों के अनुसार ही संभव हो सकेगी। काफी देर तक समझाने के बाद, परिजन शांत हुए और उन्होंने पोस्टमार्टम (PM) कराने के लिए सहमति दी, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई।





