कटनी। जिले के बड़वारा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले देवरी हटाई ग्राम में बिजली विभाग का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक गरीब मजदूर के तीन वर्षों से बंद पड़े मकान का बिजली विभाग ने ₹90,035 का भारी-भरकम बिल भेज दिया है, जिससे मजदूर परिवार सदमे में है।
विभाग की कार्रवाई से परेशान पीड़ित मजदूर बुधवार को कलेक्टड कार्यालय पहुंचा और कलेक्टर के नाम लिखित शिकायत देते हुए इस पूरे मामले की जांच की मांग की है।
देवरी हटाई ग्राम निवासी मजदूर गुल्ला पिता सुमेरा कुम्हार आज कलेक्टरेट कार्यालय पहुंचे। उन्होंने शिकायत में बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से अपने मूल निवास पर नहीं रह रहे थे। इस अवधि में उनके घर पर ताला लगा हुआ था और वे हथपुरी ग्राम में अपनी पुत्री के यहां प्रवास पर थे।
इसके बावजूद, बिजली विभाग ने बिना किसी उपयोग उनके नाम पर 90 हजार 35 रुपये (₹90,035) का बिजली का बिल जारी कर दिया है।
गुल्ला कुम्हार ने अपनी शिकायत में बताया कि विभाग ने इस बेतहाशा बिल के साथ ही उन्हें एक नोटिस भी थमा दिया है। इस नोटिस में कुर्की (संपत्ति जब्त) करने की सूचना दी गई है। इतनी बड़ी रकम का बिल और कुर्की की चेतावनी मिलने के बाद से ही गरीब परिवार दहशत में है।
फरियादी ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि, जब घर पर कोई रह ही नहीं रहा था और बिजली का उपयोग हुआ ही नहीं, तो विभाग ने इतनी बड़ी रकम का बिल कैसे भेज दिया मैं एक मजदूर आदमी हूँ, मेरी सीमित आय है। मैं बिना उपयोग के आई इतनी बड़ी राशि का बिल कैसे चुकाऊंगा
गुल्ला कुम्हार ने अपनी शिकायत में कलेक्टर से मांग की है कि इस मनमाने बिल की तत्काल जांच के आदेश दिए जाएं। उन्होंने आग्रह किया है कि मीटर की वास्तविक रीडिंग की जांच कराई जाए और यह पता लगाया जाए कि तीन साल से बंद पड़े मकान में ₹90 हजार का बिल किस आधार पर भेजा गया।





