कटनी। झिंझरी स्थित दद्दा धाम परिसर में पूज्य गुरुदेव पंडित देव प्रभाकर शास्त्री ‘दद्दा जी’ के सान्निध्य में चल रहे पंच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आज (दूसरे दिन) का कार्यक्रम पूरी दिव्यता और आस्था के साथ संपन्न हुआ। गुरुदेव के मंदिर में आज वैदिक रीति-विधान के साथ भव्य जलाभिषेक अनुष्ठान किया गया, जिसमें शामिल होने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।जलाभिषेक के समय मंदिर परिसर का वातावरण भक्तिमय हो उठा। पंडित पूरनलाल शास्त्री और पंडित कालिका प्रसाद पांडे के कुशल निर्देशन में विधि-विधान से पूजन प्रारंभ हुआ। जैसे ही मंत्रोच्चारण और शंखनाद की ध्वनि गूंजी, चारों दिशाएं ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठीं, जिसने उपस्थित भक्तों को एक अलौकिक अनुभव प्रदान किया।

लाखों शिष्यों के पूज्य दद्दा जी का यह धाम इस समय आस्था के एक विराट केंद्र के रूप में अपनी छटा बिखेर रहा है। इस बीच मंदिर परिसर में असख्य शिवलिंग निर्माण किया गया जलाअभिषेक एवं शिवलिंग निर्माण के दौरान पूर्व मंत्री एवं विजयराघवगढ़ विधानसभा के विधायक संजय सत्येंद्र पाठक एवं अभिनेता आशुतोष राणा समेत बड़ी संख्या में दादा जी के शिष्य एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।गौरतलब है कि यह प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 9 नवंबर से 13 नवंबर 2025 तक आयोजित किया जा रहा है, जो पांच दिनों तक चलेगा। इस दौरान पूरे देश से प्रसिद्ध कथावाचकों, भजन गायकों एवं साधु-संतों का आगमन हो रहा है।
इस विशाल आयोजन में देशभर से लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। दद्दा जी के शिष्यों और भक्तों के लिए यह महोत्सव एक अभूतपूर्व समागम है, जहां वे आध्यात्मिक ऊर्जा और गुरुदेव के आशीर्वाद का अनुभव कर सकेंगे।





