बहोरीबंद। विकासखण्ड मुख्यालय स्थित शासकीय महावीर उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एक बार फिर सुर्खियों में है। विद्यालय में पदस्थ एक अतिथि शिक्षिका ने प्रभारी प्राचार्य पर ड्यूटी के दौरान मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शुक्रवार देर शाम हुए इस घटनाक्रम से शिक्षा जगत का मामला पुलिस तक पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत नागरिकों द्वारा शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े किए जा रहे हैं। वहीं, प्रभारी प्राचार्य ने आरोपों को नकारते हुए शिक्षिका पर कर्तव्य में लापरवाही और समय से पूर्व विद्यालय छोड़ने पर कार्रवाई करने की बात कही है। पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के दौरान विद्यालय स्टाफ के भी थाने पहुंचने से काफी गहमागहमी का माहौल निर्मित हो गया था।
शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ अतिथि शिक्षिका विमलेश खमृपरिया ने बहोरीबंद पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि प्रभारी प्राचार्य महेन्द्र कुमार राय द्वारा उन्हें ड्यूटी के दौरान प्रतिदिन मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है। शिक्षिका ने आरोप लगाया कि प्रताड़ना से परेशान होकर उन्होंने शुक्रवार की शाम विद्यालय प्रबंधन और विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी को एक आवेदन दिया था।
शिक्षिका के अनुसार, प्रभारी प्राचार्य ने उनका आवेदन लेने से मना कर दिया और उल्टा उन पर अनर्गल आरोप लगाते हुए अपमानित भी किया। इस घटना से व्यथित होकर महिला शिक्षिका ने तत्काल फोन पर अपने पति को आपबीती बताई। इसके बाद उनके पति विद्यालय पहुंचे और अपनी पत्नी को लेकर सीधे पुलिस थाना पहुंचे, जहां उन्होंने प्रभारी प्राचार्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
दूसरी ओर, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य महेन्द्र राय ने अतिथि शिक्षिका के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि शिक्षिका अपने कर्तव्य निष्ठ कार्य में लापरवाही बरतती हैं और समय से पूर्व ही विद्यालय छोड़कर चली जाती हैं, जिस पर उन्होंने नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही थी। प्राचार्य की पुलिस थाने में शिकायत होने की सूचना मिलते ही विद्यालय का कुछ स्टाफ भी थाने पहुंच गया था, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया था।
इस संबंध में अखिलेश दाहिया ने बताया कि दोनों ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है। हमें दोनों पक्षों के शिकायत पत्र मिले हैं। मामले की विस्तृत तरीके से जांच की जाएगी की जा रही है।





