कटनी जघन्य अपराधों के लिए कुख्यात और हत्या के एक मामले में सज़ायाफ्ता आरोपी हसन अली उर्फ़ छोटा बाबर और उसके एक साथी को रंगनाथ नगर पुलिस ने अवैध वसूली के आरोप में शुक्रवार की शाम गिरफ्तार कर लिया है। फ़िलहाल माननीय न्यायालय के आदेश पर जमानत पर बाहर आया यह शातिर अपराधी जमानत की शर्तों का उल्लंघन करते हुए एक बार फिर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाया गया।
थाना कोतवाली के अंतर्गत लाल पहाड़ी, बीएसएनएल ऑफिस के सामने का निवासी, हसन अली उर्फ़ छोटा बाबर (उम्र 31 वर्ष), पिता बहाव अली, माधव नगर थाना क्षेत्र का कुख्यात अपराधी है। जमानत पर रिहा होने के तुरंत बाद, उसने अपने साथी फैज अहमद उर्फ़ जानू (उम्र 22 वर्ष), पिता मंजूर अहमद, निवासी गौसिया मस्जिद के पास बरगंवा, थाना रंगनाथ नगर के साथ मिलकर एक नई आपराधिक वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित ने दर्ज कराई शिकायत
दिनांक 27.10.2025 को इन दोनों आरोपियों ने मो. आफताब पिता शाजिद अली, निवासी ईश्वरीपुरा वार्ड, मिशन चौक, थाना कोतवाली, कटनी से अवैध रूप से पैसे की मांग की और उन्हें धमकाया। प्रार्थी मो. आफताब ने तुरंत इसकी शिकायत रंगनाथ नगर पुलिस थाने में दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए, थाना प्रभारी उप निरीक्षक अरुण पाल सिंह ने त्वरित कार्रवाई की और अपराधियों को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने जाल बिछाया और सघन तलाश अभियान चलाया।
शुक्रवार की शाम पुलिस टीम को बड़ी सफलता मिली, जब दोनों कुख्यात आरोपियों – हसन अली उर्फ़ छोटा बाबर और फैज अहमद उर्फ़ जानू को बंधवा टोला, धाऊ चक्की क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद, दोनों आरोपियों का भट्टा मोहल्ला इलाके में जुलूस निकाला जिसमे दोनों ही अपराध करना पाप है पुलिस हमारे बाप है कहते नजर आए जुलूस के बाद दोनों ही आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। न्यायालय ने मामले की गंभीरता और आरोपी के आपराधिक इतिहास को देखते हुए उन्हें जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी अरुण पाल ने बताया कि आरोपी हसन अली उर्फ़ छोटा बाबर का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। जमानत की आड़ में वह पुनः अवैध वसूली जैसी गतिविधियों में शामिल हो गया था। हमारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और उन्हें जेल भेजा जा चुका है।





