कटनी। जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम भगनवारा पंचायत के तिहारी गांव में अवैध शराब की बिक्री से त्रस्त ग्रामीणों ने आज कटनी पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर मौजूद अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपी। ग्रामीणों ने अपने गांव में संचालित अवैध पैकारी पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उनका आरोप है कि स्लीमनाबाद थाने में बार-बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे युवा पीढ़ी नशे की चपेट में आ रही है।
शिकायत देने आए धनीराम पटेल ने बताया कि उनके गांव में अवैध रूप से शराब की बिक्री बड़े पैमाने पर की जा रही है। उन्होंने कहा, हमने लगातार स्लीमनाबाद थाने में इसकी शिकायत की, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की गई। पुलिस की निष्क्रियता के कारण शराब माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।
पटेल ने आगे बताया कि अवैध शराब की बिक्री के कारण गाँव का माहौल खराब हो रहा है और नौजवान युवा पीढ़ी तेजी से नशे की गिरफ्त में आ रही है, जिससे उनके परिवार और भविष्य खतरे में हैं।
स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के तिहारी गांव के कई ग्रामीण एकजुट होकर एसपी कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक के नाम एक लिखित शिकायत दी, जिसमें उन्होंने गांव में चल रहे अवैध शराब के कारोबार का विस्तृत ब्यौरा दिया।
ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि जब स्थानीय थाने से कोई सुनवाई नहीं हुई, तो वे हार मानकर न्याय और सख्त कार्रवाई की उम्मीद में एसपी कार्यालय पहुंचे हैं। उन्होंने जिले के पुलिस मुखिया से आग्रह किया है कि वे इस गंभीर मामले को संज्ञान में लें और अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें।





