कटनी जिले के बड़वारा विकासखंड क्षेत्र अंतर्गत आने वाले विलायत कला ग्राम में स्थित पावन स्वर्ग नगरी तीर्थ धाम के तपस्वी संत परम पूज्य श्री त्यागी महाराज जी का 47वां जन्मदिवस इस वर्ष भी, हर साल की तरह, शरद पूर्णिमा के शुभ अवसर पर बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। सुबह से ही आश्रम में महाराज जी के शिष्यों, भक्तों, और आश्रम से जुड़े विद्वानों का भीड़ उमड़ पड़ी, जिसके कारण पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
महाराज श्री के 47वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में, आश्रम में विशेष भंडारे का आयोजन किया गया। इस भंडारे में दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजकों के अनुसार, इस दौरान करीब 400 व्यक्तियों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। आश्रम में भक्तों की भीड़ और बच्चों का आना-जाना लगा रहा, जिससे ऐसा प्रतीत हुआ मानो पूरे धाम में उत्सव का माहौल है।
तपस्वी संत श्री त्यागी महाराज जी का जीवन कई वर्षों से साधना और तपस्या के साथ-साथ समाज कल्याण और विश्व कल्याण पर निरंतर कार्य करते रहने का प्रेरणास्रोत रहा है। वे अपने विचारों से अक्सर लोगों को सामाजिक कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित करते रहते हैं। महाराज श्री द्वारा दिए गए उपदेशों में शिक्षा, संस्कार, त्याग, परिश्रम, सद्भाव, और प्रेम जैसे सकारात्मक मूल्यों पर विशेष जोर दिया जाता है। वे इन विचारों को समाज में प्रसारित करने का सकारात्मक कार्य वर्षो से करते आ रहे हैं।
जन्मदिवस के अवसर पर, स्वर्ग नगरी तीर्थ धाम में रामायण पाठ, भजन कीर्तन, और विशेष पूजन का भी आयोजन किया गया। शिष्यों और भक्तों ने महाराज जी के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। इस दौरान, महाराज श्री ने अपने आशीर्वचन से भक्तों को निहाल किया और धर्म, सत्य तथा सेवा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।





