कटनी: प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित घरों में व्याप्त भ्रष्टाचार और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर Youth Congress ने आज नगर निगम में जोरदार प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष दिव्यांशु मिश्रा ‘अंशु’ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नगर निगम आयुक्त को एक शिकायत पत्र सौंपा और दस दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान करने का अल्टीमेटम दिया।
Youth Congress ने आरोप लगाया है कि नगर निगम द्वारा दो साल पहले लाभार्थियों को घरों की चाबियां सौंपने के बावजूद, इन आवासों में अभी तक बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। इसके कारण गरीब परिवार किराये के मकानों में रहने को मजबूर हैं। बैंक की किश्त और किराये का दोहरा बोझ उन पर पड़ रहा है।
Youth Congress ने आवासों के निर्माण की खराब गुणवत्ता पर भी गंभीर सवाल उठाए।
उन्होंने आयुक्त को दरारों, उखड़ी हुई टाइल्स और पाइपों के फोटोग्राफ्स भी सौंपे। इन तस्वीरों को सबूत के तौर पर प्रस्तुत करते हुए, उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य पूरी तरह से गुणवत्ताविहीन है।
इस दौरान महिमा गुप्ता ने बताया कि उनका बेटा कैंसर से पीड़ित है और घर में बिजली-पानी न होने के कारण उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि लगभग 40 परिवार इस समस्या से जूझ रहे हैं और वे लगातार सांसद, महापौर, और विधायक से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। मुख्यमंत्री ऑनलाइन पोर्टल पर भी शिकायत करने के बाद कोई समाधान नहीं निकला।
प्रदर्शन के अंत में, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अंशु मिश्रा ने नगर निगम प्रशासन को दस दिन का अल्टीमेटम दिया।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में बिजली और पानी की समस्या दूर नहीं की गई और घरों की मरम्मत नहीं कराई गई, तो Youth Congress एक बड़ा और उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार सभी अधिकारियों को कोर्ट में ले जाकर खड़ा किया जाएगा।
इस संबंध में नगर निगम आयुक्त नीलेश दुबे का कहना है कि यह बात सही है की नगर नगर निगम क्षेत्र के प्रेम नगर में लंबे समय से समस्या बनी हुई है इसके निराकरण के लिए लगातार प्रयास किया जा रहे हैं डी एस के कारण काम में देरी हो रही है डीएसके मिलते ही तुरंत काम शुरू कर दिया जाएगा





