कटनी। रंगनाथ थाना क्षेत्र के मदन मोहन चौबे वार्ड में स्थित एक प्राचीन हनुमान मंदिर को रेलवे प्रशासन द्वारा हटाए जाने के विरोध में मंगलवार की दोपहर जमकर हंगामा हुआ। विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मुड़वारा रेलवे स्टेशन के समीप विरोध दर्ज कराते हुए रेलवे प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की । इस दौरान करीब एक घंटे तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही, जिसे शांत करने के लिए स्थानीय प्रशासन और रेलवे अधिकारियों को मोर्चा संभालना पड़ा।
बजरंग दल के महामंत्री राहुल दुबे ने बताया कि मुड़वारा स्टेशन के पास यह हनुमान मंदिर प्राचीन काल से स्थापित है और संपूर्ण हिंदू समाज की आस्था का केंद्र है। उन्होंने आरोप लगाया कि रेलवे के कर्मचारियों ने बीती रात गलत तरीके से मंदिर को हटा दिया और मूर्ति को कहीं और रख दिया, जिससे समस्त हिंदू समाज की आस्था को गहरी ठेस पहुंची है।
दुबे ने कहा, यह सिर्फ एक ढांचा नहीं, बल्कि हजारों लोगों की श्रद्धा का विषय है। रेलवे ने चोरी-छिपे हमारी आस्था पर चोट की है।
मंगलवार की दोपहर बड़ी संख्या में वीएचपी और बजरंग दल के कार्यकर्ता मुड़वारा स्टेशन के पास एकत्र हुए और रेलवे प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारे बाजी की जिससे क्षेत्र में गहमागहमी का माहौल बन गया। प्रदर्शन के कारण स्टेशन के आसपास कुछ देर के लिए आवागमन भी प्रभावित हुआ।
हालाँकि, स्थिति को बिगड़ते देख मौके पर स्थानीय पुलिस-प्रशासन के अधिकारी और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। उन्होंने विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं से बातचीत की और उन्हें शांत कराने का प्रयास किया।
बजरंग दल के महामंत्री राहुल दुबे के अनुसार, स्थानीय प्रशासन और रेलवे अधिकारियों ने उन्हें मंदिर को यथाशीघ्र पुनर्स्थापित करने का आश्वासन दिया है। इस आश्वासन के बाद ही विरोध प्रदर्शन समाप्त किया गया।
प्रदर्शन समाप्त करते हुए बजरंग दल के नेताओं ने प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी है। राहुल दुबे ने स्पष्ट किया कि, यदि प्रशासन अपने वादे के मुताबिक मंदिर को पुरानी जगह पर दोबारा स्थापित नहीं करता है, तो बजरंग दल इससे भी उग्र विरोध प्रदर्शन करेगी। जिसकी सम्पूर्ण जवाबदेही शासन और प्रशासन की होगी।





