कटनी। मध्य प्रदेश के 69वें स्थापना दिवस के पावन अवसर पर, कटनी जिले के बड़वारा में ‘समाज सेवा विकास संस्था’ की टीम ने अनूठी पहल करते हुए समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। संस्था ने स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में बड़वारा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जन्मे नवजात शिशुओं को गर्म कपड़े वितरित किए, जिससे कड़ाके की ठंड से बच्चे बच सकेंगे
संस्था के सदस्य सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर हाल ही में जन्मे कई नवजात शिशुओं और उनकी माताओं से मुलाकात की। इस दौरान, नन्हे मेहमानों को स्नेह और शुभकामनाओं के साथ ऊनी और गर्म कपड़े भेंट किए गए।
सेवा कार्य का विस्तार करते हुए, संस्था की टीम बड़वारा शासकीय महाविद्यालय पहुंची। यहाँ महाविद्यालय की सैकड़ों छात्राओं को कलम भेंट की गई। समाजसेवी पूजा सिंह ने बताया कि कलम भेंट करने का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के महत्व से जोड़ना और उनके उज्जवल भविष्य की कामना करना था।
पूजा सिंह ने कहा, मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में हमारी पूरी टीम ने न केवल नवजातों को कपड़े दिए, बल्कि बड़वारा शासकीय महाविद्यालय की सैकड़ों छात्राओं को कलम भेंट की है। कलम भेंट करना उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित करने का हमारा छोटा सा प्रयास है।
इस दौरान महाविद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में पौधारोपण भी किया गया। संस्था के सदस्यों और छात्राओं ने मिलकर छायादार और फलदार पौधे लगाए, जिससे परिसर की सुंदरता बढ़ने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी जन-जन तक पहुंचा।
समाज सेवा का अनूठा उत्सव: मध्य प्रदेश स्थापना दिवस पर कटनी के बड़वारा में नवजातों को गर्म कपड़े, छात्राओं को कलम और सघन पौधारोपण
On: November 1, 2025 9:11 PM
---Advertisement---





