कटनी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार, 12 नवंबर को कटनी जिले के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री झिंझरी स्थित दद्दा धाम में आयोजित पूज्य गुरुदेव पं. देव प्रभाकर शास्त्री दद्दा जी की प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में सम्मिलित होंगे और अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को दोपहर 3:20 बजे सिवनी से हेलीकॉप्टर द्वारा कटनी के लिए प्रस्थान करेंगे। वे शाम 4:15 बजे कटनी हेलीपैड पर पहुंचेंगे। हेलीपैड से वे कार द्वारा 4:30 बजे झिंझरी स्थित दद्दा धाम पहुंचकर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करेंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व के इस आयोजन को सरकारी स्तर पर महत्व देने वाला माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। कटनी कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (SP) ने सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। आयोजन स्थल से लेकर हेलीपैड तक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जा रही है, ताकि सीएम के दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
ज्ञात हो कि ग्रस्त संत परम पूज्य दद्दा जी महाराज का यह प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 9 नवंबर से 13 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन दद्दा जी के हजारों भक्तों के लिए आस्था और श्रद्धा का केंद्र बना हुआ है।
महोत्सव के तहत विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मंगलवार को असंख्य पार्थिव शिवलिंग निर्माण, महारुद्राभिषेक और अमृतमयी कथा का आयोजन किया गया। इस दौरान सुप्रसिद्ध कथावाचक अनिरुद्धाचार्य जी महाराज के श्रीमुख से श्रद्धालुओं ने अमृतमयी कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री के आगमन से पहले ही, कई प्रमुख राजनेताओं और गणमान्य व्यक्तियों ने दद्दा धाम पहुंचकर परम पूज्य दद्दा जी को पुष्पांजलि अर्पित की है। इनमें पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा और सांसद वी डी शर्मा प्रमुख रूप से शामिल थे। इसके अलावा, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टण्डन, राम रतन पायल, और रवि खरे ने भी दद्दा धाम पहुंचकर अपनी श्रद्धा व्यक्त की।





