कटनी सोशल मीडिया पर युवतियों की सुरक्षा और निजता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अब बेटियाँ खुद मोर्चा संभालने लगी हैं। जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुरुवार को बाजार में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवती ने कथित तौर पर छेड़छाड़ और परेशान करने वाले एक 42 वर्षीय व्यक्ति की बीच सड़क चप्पलों से धुनाई कर दी जिसका एक वीडियो आज सामने आया है। घटना के बाद युवती ने पुलिस थाने पहुँचकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार, उमरियापान निवासी आरोपी शाकिर मंसूरी (42) पिछले काफी समय से युवती को सोशल मीडिया के माध्यम से परेशान कर रहा था। आरोपी ने युवती को इंस्टाग्राम पर कई बार फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी, जिसे युवती ने हर बार अस्वीकार कर दिया। इसके बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
आरोप है कि शाकिर मंसूरी ने युवती की सोशल मीडिया प्रोफाइल से उसकी तस्वीरें चोरी कीं और उन्हें एडिट कर अपनी फोटो के साथ जोड़कर पोस्ट कर दिया। जब युवती की नजर इन आपत्तिजनक और एडिटेड तस्वीरों पर पड़ी, तो उसका गुस्सा फूट पड़ा।
बाजार में आमना-सामना और पिटाई
गुरुवार को जब युवती स्लीमनाबाद बाजार में थी, तभी उसकी नजर आरोपी शाकिर पर पड़ी। युवती ने तुरंत उसे रोककर विरोध दर्ज कराया और आपा खोते हुए सरेराह चप्पलों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। बीच बाजार हो रही इस घटना को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। हंगामे के दौरान आरोपी वहां से बचता नजर आया, लेकिन तब तक मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन चुका था।
घटना के बाद पीड़ित युवती स्लीमनाबाद थाने पहुँची और अपनी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है।
थाना प्रभारी सुदेश समन ने बताया
युवती की शिकायत पर आरोपी शाकिर मंसूरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78, 79 और 351 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सोशल मीडिया पर फोटो एडिट कर डाली, युवती ने बाजार में अधेड़ को चप्पलों से पीटा।
On: March 7, 2026 3:25 PM
---Advertisement---





