कटनी। विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बम्हंगवा में एक दर्दनाक हादसे में पांचवीं कक्षा के छात्र की मौत के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। बुधवार को शासकीय स्कूल की बाउंड्री वॉल का मलवा गिरने से मासूम राजकुमार बर्मन की जान चली गई थी। इस घटना के विरोध में गुरुवार को छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया। कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय के सामने धरना देकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कटनी-विजयराघवगढ़ मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक
प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब प्रदर्शनकारी एसडीएम विवेक गुप्ता को मौके पर बुलाने और उन्हें ही ज्ञापन सौंपने की मांग पर अड़ गए। सड़क जाम होने के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी रितेश शर्मा ने पुलिस बल के साथ प्रदर्शनकारियों को समझाने और जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। इस बीच पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
एसडीएम के आश्वासन पर समाप्त हुआ धरना
करीब 30 मिनट तक चले हंगामे के बाद एसडीएम विवेक गुप्ता स्वयं प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने छात्र संगठन की मांगों को सुना और ज्ञापन स्वीकार किया। एसडीएम ने इस पूरी घटना की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कड़ी दंडात्मक कार्यवाही करने आश्वासन दिया। प्रशासन के भरोसे के बाद कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम समाप्त किया और यातायात बहाल हो सका।
प्रदर्शनकारियों ने अपने बम्हंगवा स्कूल की दीवार गिरने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों की पहचान कर उन पर तत्काल कार्यवाही की जाए। छात्र राजकुमार बर्मन की मृत्यु के मामले में पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
स्कूल की दीवार गिरने से छात्र की मौत: ABVP का प्रदर्शन, चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी
On: February 19, 2026 4:32 PM
---Advertisement---





