कटनी। शुक्रवार की दोपहर बरही नगर के डोली रोड स्थित आबादी इलाके में तेंदुआ के घुस आने से हड़कंप मच गया। नगर परिषद कार्यालय के सामने हुई इस घटना में तेंदुए ने एक गाय के बछड़े को शिकार बना लिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि, वन विभाग की त्वरित कार्रवाई और स्थानीय ग्रामीणों की सूझबूझ से तेंदुए को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार दोपहर लगभग 3 बजे हुई। डोली रोड पर नगर परिषद कार्यालय के ठीक सामने, तीरथ पटेल तिमुआ सरपंच के घर के पीछे तेंदुआ घुस आया। वहां उसने एक बछड़े को अपना शिकार बना लिया। बछड़े के शिकार की खबर मिलते ही इलाके के लोगों में भगदड़ मच गई और इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल हरकत में आई और रेंजर गोविंद नारायण शुक्ला के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। टीम में डिप्टी रेंजर पंकज दिवेदी, वन रक्षक चंचल पांडे, और वन रक्षक विपिन शर्मा शामिल थे।
वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से तेंदुए को आबादी क्षेत्र से बाहर निकालने की रणनीति बनाई। तेंदुए को भगाने के लिए टीम ने तेज़ आवाज वाले पटाखे फोड़े। पटाखों की आवाज और लोगों की भीड़ से घबराकर तेंदुआ जगह से भाग खड़ा हुआ और जंगल की ओर चला गया। वन विभाग की टीम ने यह सुनिश्चित किया कि तेंदुआ पूरी तरह से आबादी क्षेत्र से बाहर निकल जाए।
घटना के बाद वन विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों को भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए सावधानी बरतने हेतु जागरूक किया। रेंजर गोविंद नारायण शुक्ला ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने पालतू पशुओं को सुरक्षित रखें और शाम होने के बाद अकेले घरों से बाहर न निकलें, खासकर उन क्षेत्रों में जो जंगल के करीब हैं। टीम ने यह भी निर्देश दिए कि यदि दोबारा तेंदुआ या कोई अन्य वन्य प्राणी दिखे तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें, ताकि उसे बिना किसी नुकसान के सुरक्षित पकड़ा जा सके।





