कटनी। रविवार को ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र के पहरुआ गाँव में उस वक्त तनाव की स्थिति निर्मित हो गई जब दो दिनों से लापता एक युवक की मोटरसाइकिल महानदी के किनारे मिली। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन की निष्क्रियता से नाराज होकर चार जिलों को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया, जिससे करीब एक घण्टे तक यातायात प्रभावित रहा और सड़क की दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं
लापता युवक की पहचान खमतरा निवासी मनोज साहू पेशे से मोटरसाइकिल मैकेनिक के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से घर नहीं लौटे थे। आज सुबह, उनकी मोटरसाइकिल पहरुआ गांव के पास महानदी के किनारे लावारिस हालत में मिली। इस भयावह घटनाक्रम के बाद, ग्रामीणों और परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका है।

घटना की जानकारी फैलते ही ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। उन्होंने तुरंत एकजुट होकर मुख्य मार्ग पर सड़क जाम कर दिया। सड़क की दोनों ओर बसें, सवारी वाहन और टैंकरों का बड़ा जमावड़ा लग गया। प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि महानदी क्षेत्र में आए दिन अप्रिय घटनाएं हो रही हैं, लेकिन स्थानीय प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी अभिषेक चौबे तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि परिजनों ने पहले ही मनोज साहू की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी और पुलिस ने गुम इंसान कायम कर हर स्तर पर युवक की तलाश शुरू कर दी थी।
युवक की तलाश के लिए नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन शाम 4:00 बजे से युद्ध स्तर पर शुरू एसडीआरएफ (SDRF) टीम के द्वारा शुरू कर दिया गया है।
पुलिस की लगातार समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन के बाद, तकरीबन 2 बजे ग्रामीणों ने अपना प्रदर्शन खत्म किया। इसके बाद करीब एक घंटे से प्रभावित यातायात सामान्य हो सका और मार्ग पर फंसे वाहनों का आवागमन फिर से शुरू हुआ।





