कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र अंतर्गत रूड़ मूड गाँव के पास गुरुवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। प्रतापगढ़ से सूरत जा रही एक यात्री बस की सामने से आ रहे एक तेज रफ़्तार ट्रक से सीधी भिड़ंत हो गई। बस में करीब 60 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई और सभी यात्री सुरक्षित हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा गुरुवार दोपहर को उस समय हुआ जब यात्री बस रूड़ मूड के पास पहुंची। यात्रियों ने बताया कि बस चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। यात्रियों के मुताबिक, “बस चालक ने सामने से आ रहे ट्रक को अचानक देखा और समय पर बस पर नियंत्रण नहीं कर पाया, जिसके चलते बस सीधे ट्रक से जा टकराई। टक्कर की आवाज़ से पूरा इलाका गूंज उठा और बस के अंदर बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही रीठी थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल रेस्क्यू कार्य शुरू किया।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस में फंसे और घबराए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। दुर्घटना से घबराए यात्रियों को पुलिस ने शांत कराया और उन्हें प्राथमिक मदद उपलब्ध कराई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यात्रियों को उनके गंतव्य (सूरत) तक पहुंचाने के लिए दूसरी बस की व्यवस्था करवाई।
पुलिस की सक्रियता और सूझबूझ से सभी यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। यह हादसा एक बड़ी अनहोनी में बदल सकता था, लेकिन समय रहते यात्रियों को सुरक्षित निकालने और वैकल्पिक व्यवस्था करने से सभी ने राहत की सांस ली





