कटनी। जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के भरदा बरखेड़ा गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक पुलिस वाहन ने 55 बाइक सवार वर्षीय प्रौढ़ को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना बहोरीबंद थाने के पुलिस वाहन से हुई है, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने सड़क जाम कर पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार की दोपहर भरदा बरखेड़ा में हुआ। पुलिस की तेज रफ्तार गाड़ी ने गांव निवासी किशोरी उर्फ शानू राजपाल (उम्र 55 वर्ष) को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रौढ़ सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गया।
हादसे के तुरंत बाद,वाहन में मौजूद पुलिसकर्मियों ने ही घायल को तुरंत स्लीमनाबाद स्थित स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि, चोटें गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर कर दिया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया की बहोरीबंद पुलिस थाने के वाहन से हुई है।
दुर्घटना की खबर फैलते ही भरदा बरखेड़ा और आसपास के ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए और विरोध स्वरूप सड़क पर जाम लगा दिया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज करने की मांग पर अड़े गए भले की पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम को खुलवाया गया।

ग्रामीणों के भारी विरोध और संभावित तनाव को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया था।
पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच जारी
इस मामले में, एसडीओपी (S.D.O.P.) आकांक्षा द्विवेदी ने बताया कि स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र में बहोरीबंद थाने के वाहन से यह दुर्घटना हुई है। घायल के परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने स्लीमनाबाद थाने में FIR दर्ज कर ली है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच शुरू कर दी गई है।





