कटनी। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में जहरीले कफ सिरप के कारण एक के बाद एक कई मासूम बच्चों की मौत की हृदय विदारक घटना ने पूरे प्रदेश को गमगीन कर दिया है। इस दुखद त्रासदी पर समाजसेवी संगठन अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं और मृत बच्चों को अनूठी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। इसी क्रम में, कटनी जिले में समाज सेवा विकास संस्था ने पौधारोपण कर दिवंगत बच्चों को याद किया।
शनिवार को कटनी जिले के बड़वारा विकासखंड क्षेत्र के बड़ा गांव ग्राम में स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय नेगवा माध्यमिक शाला, नन्हवारा शासकीय हाई सेकेंडरी विद्यालय, विलायत कला और बापू वनवासी विद्यालय में समाज सेवा विकास संस्था की टीम ने फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया।
संस्था के सदस्य सुधा पाटकर और विकास कुमार ने इस पहल के बारे में बताया कि छिंदवाड़ा जिले में हुई कफ सिरप की घटना बेहद ही दुखद है। उन्होंने कहा, आज हमारी पूरी टीम ने 50 से अधिक पौधा रोपण कर बच्चों को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने इस भावनात्मक कदम का उद्देश्य स्पष्ट करते हुए कहा कि इन पौधों में हम मासूम बच्चों को जीवित महसूस कर सकते हैं। संस्था का मानना है कि ये पौधे बड़े होकर बच्चों की यादों को हरा-भरा रखेंगे और उनके जीवन का प्रतीक बनेंगे।
गौरतलब है कि छिंदवाड़ा में कोल्ड्रिफ कफ सिरप के सेवन से कई बच्चों की किडनी फेल होने के कारण मौत हो चुकी है, जिसने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। घटना के बाद प्रदेशभर में शोक का माहौल है और जगह-जगह कैंडल मार्च व श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया जा रहा है।





