कटनी बड़वारा-बरही वन व परिक्षेत्र के बरही नगर में सूर्य सनातन हनुमान मंदिर के समीप बीते तीन दिनों से तेंदुए की लगातार मौजूदगी ने ग्रामीणों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। बताया जा रहा है कि शासकीय बालक आदिवासी छात्रावास, मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में तेंदुआ कई बार दिखाई दिया है। अचानक हुए इस वन्यजीव के मूवमेंट से ग्रामीणों में भय का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, जहां तेंदुए के स्पष्ट पगमार्क पाए गए।
विभागीय कर्मचारियों ने लोगों को सतर्क रहने और अकेले न निकलने की सलाह दी है। वहीं क्षेत्र के लोगों ने तेंदुआ व उसके बच्चे
की फोटो भी खींची है। वन विभाग द्वारा गांव में जागरूकता अभियान चलाते हुए ग्रामीणों को बताया गया कि तेंदुए के दिखने की दशा में तत्काल विभाग को सूचना दें, साथ ही बच्चों और मवेशियों को घरों के आसपास ही रखने की हिदायत दी है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार तीन दिनों से तेंदुए की मौजूदगी के कारण वे रात में बाहर निकलने से डर रहे हैं। रेंजर जीके शुक्ला ने कहा कि विभाग ने सुरक्षा उपाय बढ़ाने और तेंदुए की लोकेशन ट्रेस करने के लिए इलाके में निगरानी तेज कर दी है।





