कटनी। कटनी जिले के बरही नगर में विजयराघवगढ मार्ग पर सोमवार की सुबह करीब 5 बजे एक विशाल अजगर को सड़क पार करते देखा गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में भय का माहौल व्याप्त है। सड़क से गुजर रहे लोगों ने तुरंत अपने मोबाइल कैमरे में इस विशाल अजगर का वीडियो कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बरही वन परिक्षेत्र का इलाका प्रसिद्ध बांधवगढ़ नेशनल पार्क से सटा हुआ है। यही कारण है कि वन्य प्राणी आए दिन भोजन और पानी की तलाश में रहवासी क्षेत्र में प्रवेश कर जाते हैं। कुछ ही दिन पहले इस इलाके में जंगली हाथी, बाघ और चीते के घूमने के वीडियो सामने आए थे, जिसने पहले ही लोगों को चिंतित कर रखा था। अब, सड़क पर अजगर दिखने की घटना ने स्थानीय ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल और बढ़ा दिया है।
सुबह-सुबह जब लोगों ने विजयराघवगढ मार्ग के किनारे इस विशालकाय अजगर को रेंगते हुए देखा, तो अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, गनीमत रही कि अजगर ने किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।
वही वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग की टीम ने अजगर का सर्चिंग अभियान शुरू कर दिया है वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सावधानी बरतें और वन्य प्राणियों के दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके और वन्य जीव को सुरक्षित रूप से उनके आवास में वापस छोड़ा जा सके।






