कटनी। कटनी जिले से लगे पन्ना जिले के शाहनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहरिया गांव में खेत की रखवाली कर रहे एक बुजुर्ग दंपति के अस्थाई मकान में अचानक आग लगने से पति-पत्नी बुरी तरह झुलस गए। घटना के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान किसान (60 वर्षीय) ने दम तोड़ दिया, जबकि उनकी पत्नी की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार, पन्ना जिले बिहरिया निवासी श्यामले सिंह (60 वर्ष) और उनकी पत्नी सिया बाई बीते 14-15 नवंबर की रात को अपने खेत में बने अस्थाई मकान (मढ़ैया) में रखवाली कर रहे थे। परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, देर रात अस्थाई मकान के आस-पास रखे धान के पुआल (परे) में अज्ञात कारणों से अचानक भीषण आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि इसने तुरंत ही अस्थाई मकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अंदर सो रहे दंपति बुरी तरह से झुलस गए।
उपचार के दौरान किसान की मौत
आग की लपटें और रोशनी देखकर स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों पति-पत्नी को आग की चपेट से बाहर निकाला और उन्हें नजदीकी कटनी जिले के रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में दाखिल कराया।
रीठी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद, उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत कटनी जिला अस्पताल, कटनी रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में करीब 36 घंटे तक चले इलाज के बाद, किसान श्यामले सिंह ने सोमवार को दम तोड़ दिया। वहीं, उनकी पत्नी सिया बाई की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। अस्पताल चौकी पुलिस ने इस संबंध में मर्ग कायम कर विवेचना में लिया है
खेत में लगी आग से किसान की मौत; पत्नी की हालत गंभीर
On: November 17, 2025 5:22 PM
---Advertisement---





