कटनी। कटनी जनपद क्षेत्र के सरस्वाही और खेरवा ग्रामों के बीच से गुजरने वाली नदी पर बना एक अव्यवस्थित असुरक्षित पुल कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है। यह पुल इस क्षेत्र के निवासियों के लिए ‘मुख्य मार्ग’ तक पहुंचने का एकमात्र रास्ता है, जिसके कारण बड़ी संख्या में लोगों को रोज अपनी जान जोखिम में डालकर इसे पार करना पड़ता है।
स्थानीय ग्रामीण बंटू पांडे ने बताया कि यह पुल पूरी तरह से असुरक्षित है। उन्होंने कहा, कटनी मुख्य मार्ग जाने के लिए हमारे पास यही एकमात्र रास्ता है। हर रोज स्कूली बच्चे, काम पर जाने वाले मजदूर, और मवेशी बड़ी संख्या में इस खतरनाक पुल से गुजरते हैं।
पुल की सबसे बड़ी समस्या है उस पर रेलिंग का न होना। रेलिंग के अभाव में, पुल से गुजरते समय थोड़ी सी भी चूक जानलेवा साबित हो सकती है। ग्रामीण पांडे के अनुसार, रेलिंग न होने की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कई बार मोटरसाइकिल सवार राहगीर अनियंत्रित होकर नीचे गिर चुके हैं।
इतना ही नहीं, मवेशियों के लिए यह पुल ‘मौत का जाल’ बन चुका है। ग्रामीण बताते हैं कि हर दूसरे-तीसरे दिन मवेशी पुल पार करते समय गिरते हैं। कई मवेशियों की तो पुल से गिरकर जान जा चुकी है। मवेशियों का गिरना न केवल पशुपालकों के लिए आर्थिक नुकसान का कारण है, बल्कि इससे पुल से गुजर रहे लोगों के लिए भी अचानक खतरा पैदा हो जाता है।
स्थानीय निवासियों में ग्राम पंचायत और प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों ने जानकारी दी कि पुल की असुरक्षा का मुद्दा ग्राम पंचायत की ग्राम सभा में कई बार रखा गया है। इसके बावजूद, आज तक इस अव्यवस्थित पुल पर सुरक्षा के कोई इंतेजामत नहीं कराए गए हैं।
ग्रामीणों ने चेताया है कि अगर समय रहते पुल पर मजबूत रेलिंग और अन्य सुरक्षा व्यवस्था के इंतेजामत नहीं किए गए, तो किसी भी दिन कोई बड़ी और गंभीर दुर्घटना हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह से प्रशासन की होगी।
स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेने और पुल पर युद्ध स्तर पर रेलिंग व सुरक्षा उपायों को स्थापित करने की मांग की है ताकि स्कूली बच्चों और आम राहगीरों की जान को होने वाले खतरे को टाला जा सके।
जानलेवा पुल कटनी के सरस्वाही-खेरवा मार्ग पर बड़ा हादसा कभी भी मुमकिन
On: October 21, 2025 9:04 PM
---Advertisement---





