कटनी जिले में हाल ही में हुई बेमौसम बारिश के चलते किसानों की फसलें तबाह हो गई हैं। जिले के बड़वारा तहसील क्षेत्र अंतर्गत आने वाले विलायत कला ग्राम में कन्हैया कुमार कुशवाहा की 10 एकड़ में लगी धान की फसल बारिश के चलते बर्बाद हो गई है।
कन्हैया कुमार ने बताया कि उन्होंने इस वर्ष धान की खेती में करीब ₹2,00,000 (दो लाख रुपये) की लागत लगाई थी, लेकिन अचानक हुई बारिश ने उनकी फसल को नष्ट कर दिया है। अब पूंजी निकलना भी मुश्किल नज़र आ रहा है। कर्ज के तले दबे किसान ने सरकार से मुआवजे की गुहार लगाई है।
बेमौसम बारिश का दर्द झेल रही किसान उर्मिला बाई कुशवाहा ने बताया कि उन्होंने अपने सात एकड़ पर धान की फसल लगाई थी, लेकिन बारिश के पानी से फैली बीमारी ने फसल को तबाह कर दिया है। उन्होंने कहा, हमारी मांग है कि सरकार इस क्षति का मुआवजा दे। इन किसानों के अलावा क्षेत्र के अन्य किसान अन्य के बड़े पैमाने में धान की फसल तबाह हुई है सभी किसानों को सरकार से मुआवजे की उम्मीद है
जिले में अब तक इतनी हुई बारिश
अधीक्षक भू-अभिलेख अमृता गर्ग ने बताया कि जिले में आलोच्य अवधि तक कटनी तहसील में 1225.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। जबकि तहसील रीठी में 1482.4 मिलीमीटर, बड़वारा तहसील में 1040.0 मिलीमीटर, बरही तहसील में 1053 मिलीमीटर और विजयराघवगढ़ तहसील में 999.9 मिलीमीटर, बहोरीबंद तहसील में कुल 1057 मिलीमीटर एवं स्लीमनाबाद तहसील में 1360 मिलीमीटर तथा ढीमरखेड़ा तहसील में 1111.9 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है।





