कटनी बिलहरी चौकी क्षेत्र –कुठला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली बिलहरी चौकी के घुघरा ग्राम में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। शनिवार को आक्रोशित ग्रामीण महिलाओं ने घुघरा-कैमुरी मार्ग को जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि गाँव में शराब माफिया द्वारा लगातार अवैध शराब बेची जा रही है, जिसकी शिकायतें कई बार पुलिस चौकी से लेकर थाने तक की गई हैं, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
पुलिस-प्रशासन पर अनदेखी का आरोप
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने आरोप लगाया कि अवैध शराब की बिक्री की वजह से गाँव का माहौल खराब हो रहा है और युवा पीढ़ी गलत रास्ते पर जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने बिलहरी चौकी और कुठला थाने में शराब माफिया के खिलाफ कई बार शिकायतें दर्ज कराईं, लेकिन पुलिस की कथित अनदेखी के चलते माफिया के हौसले बुलंद हैं। माफिया बेखौफ होकर गाँव में अवैध शराब का कारोबार चला रहे हैं।
’जब तक रोक नहीं, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा’
सड़क पर प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने दो टूक कहा कि जब तक गाँव में बिक रही अवैध शराब पर पूरी तरह से रोक नहीं लगाई जाती, तब तक उनका यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारी महिलाएं हाथों में तख्तियां लिए और नारे लगाती हुई न्याय की मांग पर अड़ी रहीं।
पुलिस अधिकारी मौके पर, समझाने का प्रयास जारी
चक्का जाम की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारी प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं, को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रहे हैं और जल्द ही अवैध शराब माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दे रहे हैं। पुलिस का मुख्य प्रयास जल्द से जल्द जाम खुलवाकर मार्ग पर आवागमन सामान्य कराना है।
अवैध शराब बिक्री के विरोध में घुघरा में चक्का जाम: महिलाओं ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ खोला मोर्चा
On: November 1, 2025 9:16 PM
---Advertisement---





