कटनी। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बस स्टैंड चौकी इलाके में स्थित मुक्तिधाम में मंगलवार की दोपहर करीब 3 बजे एक अंतिम संस्कार कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर जमकर विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर धारदार हथियार, चाकू से हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में पांच लोग बुरी तरह घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रबर फैक्ट्री निवासी अक्षु चौधरी, नरेंद्र चौधरी और अनु चौधरी का मोहल्ले के ही छोटू चौधरी, अभिषेक चौधरी और शुभम चौधरी के साथ गाली-गलौज और मारपीट को लेकर पुराना विवाद चला आ रहा था। आज दोपहर जब ये सभी लोग एक अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुक्तिधाम पहुंचे, तो वहां वे आपस में भिड़ गए।
झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने धारदार हथियारों का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। इस मारपीट में एक पक्ष से अक्षु चौधरी, नरेंद्र चौधरी और अनु चौधरी को चोटें आईं, जबकि दूसरे पक्ष से छोटू चौधरी और अभिषेक चौधरी जख्मी हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बस स्टैंड चौकी प्रभारी सिद्धार्थ राय ने बताया कि दोनों ही पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
मुक्तिधाम में खूनी संघर्ष, पुरानी रंजिश में चले चाकू,पांच घायल, अस्पताल में भर्ती
On: October 21, 2025 8:59 PM
---Advertisement---





