कटनी। ज़िले में राष्ट्रीय राजमार्ग की ज़मीन पर हुए अवैध कब्ज़े के खिलाफ प्रशासन ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। कटनी ज़िले के पीर बाबा बाईपास स्थित नेशनल हाईवे के किनारे अवैध रूप से बनी 25 से 30 पक्की और कच्ची दुकानों पर प्रशासन ने बुलडोज़र चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया और हाईवे को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई कटनी कलेक्टर के निर्देश पर की गई, जिसका उद्देश्य हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों और यातायात जाम की समस्या को समाप्त करना है।
दो जेसीबी और हाइड्रा क्रेन से चला अभियान
अतिक्रमण हटाओ यह सघन अभियान शनिवार को किया गया। कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने दो जेसीबी मशीनों और एक हाइड्रा क्रेन की मदद ली। इन मशीनों ने राष्ट्रीय राजमार्ग की ज़मीन पर अवैध रूप से निर्मित लगभग 25 से 30 दुकानों को एक-एक कर ध्वस्त कर दिया। इनमें से अधिकांश दुकानें पक्की थीं, जिन्हें सीधे हाईवे की ज़मीन पर कब्ज़ा करके बनाया गया था।
मौके पर मौजूद रहा भारी अमला
अभियान के दौरान किसी भी विरोध या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और प्रशासन का भारी अमला मौके पर तैनात रहा। इस दौरान एसडीएम, तहसीलदार, ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारी विशेष रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों की मौजूदगी में शांतिपूर्ण तरीके से अतिक्रमण को हटाया गया।
कटनी के ट्रैफिक थाना प्रभारी (टीआई) राहुल पांडे ने बताया कि ये 25 से 30 अवैध दुकानें हाईवे से बिल्कुल सटाकर निर्मित की गई थीं।
ये दुकानें सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग की बेशकीमती ज़मीन पर कब्ज़ा कर बनाई गई थीं। इन दुकानों के चलते सबसे बड़ी समस्या यह थी कि ग्राहकों के वाहन सड़क पर ही अव्यवस्थित ढंग से खड़े हो जाते थे। इससे हाईवे पर अवागमन लगातार बाधित होता था और पिछले कुछ समय से हादसों की संख्या में भी वृद्धि हो रही थी।





